



गिरिडीह में झामुमो के स्थापना दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, कल्पना ने भरी हुंकार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह में झामुमो के 53वें स्थापना दिवस पर सोमवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा था। जिलेभर से हजारों लोग परंपरागत हथियार तीर-धनुष और नगाड़े के साथ शहर के झंडा मैदान पहुंचे। झंडा मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन ने संकट के समय में एक बेटी और बहू के रूप में उन्हें स्वीकार कर गांडेय का विधायक बनाने के लिए गांडेय और गिरिडीह की जनता का आभार व्यक्त किया। कल्पना के इस संबोधन से पूरा जनसमुदाय उनके साथ भावनात्मक रूप से जुड़ता दिखा। अपने संबोधन के दौरान वह भावुक भी हुईं। संथाली में बोलकर उन्होंने संथालियों को भी साधा।
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झामुमो झारखंड के साथ-साथ देश की एक बड़ी ताकत बनकर उभरेगा। हेमंत सोरेन असम में झामुमो का झंडा अभी बुलंद कर रहे हैं। टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि बिनोद बाबू और दिशोम गुरू शिबू सोरेन के सपनों को झामुमो पूरा कर रहा है।

जनसभा को पूर्व मंत्री बेबी देवी, मेयर प्रमिला मेहरा, उप मेयर सुमित कुमार, कोडरमा की शालिनी गुप्ता, पूर्व विधायक केदार हाजरा, प्रणव वर्मा, संजय सिंह, कृष्ण मुरारी शर्मा, संजीत सिंह पप्पू आदि ने संबोधित किया।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के दिवंगत हुए एक साल नहीं हुए हैं, इस कारण इस बार स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया गया। जनसभा को लेकर निकले जुलूस के कारण शहर अस्तव्यस्त रहा। सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध किया गया था।


