
गिरिडीह में गोवंश चोरी का प्रयास, आरोपितों को आक्रोशितों ने पीटा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह शहर में दिनदहाड़े गोवंश चोरी का एक मामला सामने आया है, जहां दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। दोनों आरोपी युवक शहर के कुरैशी मुहल्ला के रहने वाले ढिल्लो और सरफराज कुरैशी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक शहर के चिरैयाघाट के अशोक यादव के खटाल से एक गोवंश की चोरी कर फरार हो रहे थे। जब वे मकतपुर के डॉक्टर लाइन से गुजर रहे थे, तभी अशोक यादव भी बाइक से वहां पहुंचे और दोनों को रोका। इसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ वहां जुटी और सरफराज कुरैशी और ढिल्लो की जमकर पिटाई कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
हालांकि, समय पर गिरिडीह नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और दोनों युवकों को भीड़ से बचाकर थाना ले जाने में सफल रही। अब दोनों से नगर थाना में पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।