



गिरिडीह–मधुपुर पैसेंजर ट्रेन की देरी पर रेलवे अलर्ट, जांच के आदेश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह से मधुपुर के बीच चलने वाली सवारी गाड़ी संख्या 53520 की लगातार लेटलतीफी को लेकर उठी शिकायत के बाद रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया है। सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल की शिकायत पर पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और अधिकारियों को यात्री ट्रेनों की समयपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
आसनसोल मंडल के सहायक परिचालन प्रबंधक द्वारा सुनील खंडेलवाल को भेजे गए आधिकारिक जवाब में स्वीकार किया गया है कि ट्रेन के बार-बार विलंब से यात्रियों को मानसिक और आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। रेलवे प्रशासन ने इस पर खेद व्यक्त करते हुए स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
रेलवे के आदेश के अनुसार ट्रेन के लगातार विलंब के कारणों की विस्तृत जांच के लिए खंडीय यातायात निरीक्षक (सेक्शनल टीआई) को जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही संबंधित स्टेशन मास्टरों और कंट्रोल कार्यालय के नियंत्रकों की काउंसलिंग की गई है और उन्हें सख्त निर्देश दिया गया है कि मालगाड़ियों की तुलना में यात्री ट्रेनों की पंक्चुअलिटी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
रेलवे नियंत्रण कक्ष को भी निर्देश दिया गया है कि विशेषकर रात्रिकालीन कनेक्टिंग सेवाओं के दौरान अनावश्यक ठहराव को समाप्त किया जाए, ताकि यात्रियों को समय पर सेवा मिल सके और उन्हें लंबे इंतजार की समस्या से राहत मिले।
इस संबंध में सुनील खंडेलवाल ने कहा कि गिरिडीह–मधुपुर सवारी गाड़ी की देरी से आम यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही थी। रेलवे द्वारा जांच के आदेश दिया जाना सकारात्मक कदम है, लेकिन वास्तविक राहत तभी मिलेगी जब ट्रेन समय पर चलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो इस मुद्दे को उच्च रेलवे अधिकारियों और केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि बेहतर और समयबद्ध रेल सेवा उपलब्ध कराने के लिए वह प्रतिबद्ध है। वहीं सुनील खंडेलवाल ने मामले में त्वरित संज्ञान लेने के लिए रेल प्रशासन का आभार भी जताया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही ट्रेन की लेटलतीफी पर विराम लगेगा।



