



गिरिडीह को डेयरी, स्टेडियम व लाइब्रेरी की सौगात : निर्मल झुनझुनवाला

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिला चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला ने कहा है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए झारखंड के वित्त मंत्री द्वारा 1,58,000 करोड़ रुपये से अधिक का बजट पेश किया गया है। बजट में राज्य की आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। भवन निर्माण, सड़क, पुल एवं ओवरब्रिज जैसी परियोजनाओं के लिए बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है।
गिरिडीह को भी इस बजट में महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। जिले में 50,000 लीटर प्रतिदिन क्षमता वाली दूध डेयरी की स्थापना को स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही बेंगाबाद प्रखंड के करणपुरा में एक आउटडोर स्टेडियम निर्माण की मंजूरी दी गई है, जिससे स्थानीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर मंच मिल सकेगा।
बजट में पीपीपी मोड के तहत गिरिडीह में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का भी प्रावधान किया गया है। साथ ही 500 छात्रों की क्षमता वाली अत्याधुनिक लाइब्रेरी के निर्माण की घोषणा की गई है, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल मानी जा रही है।
हालांकि, मायका ढिबरा को वैध कारोबार के दायरे में लाने को लेकर बजट में कोई उल्लेख नहीं किया गया है। वहीं निजी उद्योगों से विकसित गिरिडीह के औद्योगिक क्षेत्र को इस बार भी औद्योगिक क्षेत्र घोषित नहीं किया गया।
समग्र रूप से यह बजट विकास उन्मुख और संतुलित बताया जा रहा है, जो राज्य को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




