गिरिडीह के रोहित ने पारसनाथ शिखर पर 50वीं बार चढ़ाई कर रचा कीर्तिमान

Advertisements

गिरिडीह के रोहित ने पारसनाथ शिखर पर 50वीं बार चढ़ाई कर रचा कीर्तिमान

डीजे न्यूज, गिरिडीह: गिरिडीह जिले के रोहित कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 4500 फीट ऊंचे पारसनाथ शिखर पर 50वीं बार सफलतापूर्वक चढ़ाई की। बिहार और झारखंड के सर्वोच्च शिखर पर लगातार 30 वर्षों तक की गई इस साधना ने उन्हें एक अलग पहचान दिला दी है।

रोहित की पर्वतारोहण यात्रा स्कूल जीवन में ही शुरू हो गई थी, जब उन्होंने पहली बार पारसनाथ की चढ़ाई की थी। उस समय से यह चढ़ाई उनका जुनून बन गई। शुरू में साल में एक बार चढ़ाई करने वाले रोहित ने धीरे-धीरे अपनी गति बढ़ाई और इस वर्ष उन्होंने 10 बार पारसनाथ की चढ़ाई पूरी कर 50वीं बार इस शिखर को छू लिया।

रोहित इससे पूर्व उत्तराखंड स्थित विश्व के सबसे ऊंचे शिव मंदिर तुंगनाथ (12073 फीट) पर भी सफलता पूर्वक चढ़ाई कर चुके हैं। खेलकूद और रोमांच के प्रति उनका लगाव बचपन से ही रहा है। उन्होंने टाटा स्टील द्वारा आयोजित 42 किमी, 21 किमी और 10 किमी की मैराथन में भाग लेकर फिनिशर मेडल प्राप्त किए हैं। बैडमिंटन में भी वे दो बार जिला चैंपियन रह चुके हैं।

रोहित पेशे से शिक्षक हैं और ‘कॉन्सेप्ट ट्यूटोरियल्स’ नामक शैक्षणिक संस्था के निदेशक हैं। वे साइकिल से देवघर, झारखंडी धाम और पारसनाथ तक की यात्राएं भी कर चुके हैं। उनकी फिटनेस और समर्पण युवाओं के लिए मिसाल है।

 

अपने इस कीर्तिमान का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, पत्नी, रिश्तेदारों और मित्रों को दिया है। अब उनका अगला लक्ष्य पारसनाथ शिखर पर 100 बार चढ़ाई कर नया इतिहास रचने का है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top