गिरिडीह के रेल विकास को लेकर दिल्ली में निर्णायक पहल, वंदे भारत से लेकर रैक प्वाइंट तक उठे अहम मुद्दे

Advertisements

गिरिडीह के रेल विकास को लेकर दिल्ली में निर्णायक पहल, वंदे भारत से लेकर रैक प्वाइंट तक उठे अहम मुद्दे

डीजे न्यूज, गिरिडीह : 

गिरिडीह जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और औद्योगिक विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गिरिडीह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर गिरिडीह एवं आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख रेलवे मांगों पर विस्तार से चर्चा की।

यह बैठक कोडरमा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के विशेष प्रयास और सहयोग से संभव हो सकी। प्रतिनिधिमंडल को संगठित कर रेल मंत्री तक विषय पहुंचाने में जिला कोषाध्यक्ष एवं ZRUCC सदस्य मुकेश जलान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतिनिधिमंडल में प्रदीप अग्रवाल, गुनवंत सिंह मोंगिया, सीए विकास खेतान, मुकेश जलान और संजीव कुमार शामिल थे।

बैठक में हावड़ा–गया वंदे भारत एक्सप्रेस को न्यू गिरिडीह होकर सप्ताह में तीन दिन चलाने पर सहमति बनी, जिससे गिरिडीह, पारसनाथ और कोडरमा क्षेत्र को तेज और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। इसके अलावा देवघर–जसीडीह–वाराणसी वंदे भारत को भी न्यू गिरिडीह–कोडरमा मार्ग से सप्ताह में तीन दिन चलाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाला आध्यात्मिक रेल कॉरिडोर मजबूत होगा।

नई दिल्ली–गोड्डा वंदे भारत ट्रेन की मांग पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया गया। वहीं माल ढुलाई को लेकर न्यू गिरिडीह स्टेशन पर रैक प्वाइंट के विस्तार और एक अतिरिक्त नए रैक प्वाइंट के विकास पर सहमति बनी। साथ ही महेशमुंडा रैक प्वाइंट का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का भरोसा भी दिया गया।

इसके अतिरिक्त गिरिडीह–कोडरमा–मधुपुर रेलखंड पर डबल लाइन, पारसनाथ–गिरिडीह सेक्शन में यात्री सुविधाओं के सुधार, स्टेशन विस्तार और शेड निर्माण जैसे विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने गिरिडीह की औद्योगिक और खनिज महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि बेहतर रेल अवसंरचना से रेलवे राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top