
गिरिडीह और बिहार की सीमा पर पुलिस ने कई एकड़ में लगी अफीम की फसल नष्ट की
डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : बिहार के कौवाकोल थाना क्षेत्र और झारखंड के तिसरी प्रखंड की सीमा पर स्थित झरनवा गांव में रविवार को कौवाकोल थाना पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। थाना प्रभारी प्रकाशमान दीपक के नेतृत्व में पुलिस ने कई एकड़ भूमि पर लगी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया। इस अभियान में थानसिंहडीह ओपी पुलिस ने भी सहयोग किया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झरनवा, रानीगद्दर और दनिया गांव में कई एकड़ जमीन पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान अफीम की तैयार फसल देख पुलिस ने तत्काल उसे नष्ट कर दिया।
अवैध कारोबारियों में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध अफीम कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, इस अवैध खेती में दिल्ली के कुछ तस्कर और स्थानीय लोग शामिल हैं। पुलिस अब इन लोगों की पहचान कर रही है और जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सख्त चेतावनी
कौवाकोल थाना प्रभारी प्रकाशमान दीपक ने कहा कि अवैध अफीम की खेती में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवैध कार्यों को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में पुलिस की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अवैध खेती और तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।