



फैमिली रेस्टोरेंट में अनैतिक कार्य का पर्दाफाश

चार युवक और युवतियां हिरासत में, कतरास थाना क्षेत्र का मामला
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामडीह हीरक रोड स्थित एक होटल में शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि होटल में सेक्स रैकेट संचालित हो रहा है। ग्रामीणों ने होटल में जमकर विरोध किया और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप था कि शुक्रवार को चार बाइक से चार युवक और चार युवतियां होटल में प्रवेश किए। इसके बाद आसपास के गांव मानसिंह कुरवा, कोलमुरना, श्यामडीह, लेधीडुमार, रेगुनीबारी एवं बेहराकुदर के लोग एकत्रित होकर होटल का घेराव करने लगे। स्थिति की सूचना मिलते ही महिला एवं बाल संरक्षण थाना बाघमारा की प्रभारी वर्षा रानी तथा कतरास थाना प्रभारी असित सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने होटल से चार युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर
पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों ने पूर्व में उपायुक्त धनबाद को लिखित शिकायत देकर होटल संचालन के विरुद्ध जांच और कार्रवाई की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना है कि विरोध करने पर होटल संचालकों की ओर से धमकी दी जाती थी। कतरास पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। सभी संबंधित लोगों को थाना ले जाया गया है और पूछताछ जारी है। होटल संचालक ने कहा सारे आरोप गलत है। रंगदारी को लेकर तंग किया जा रहा है। प्रशासन निष्पक्ष जांच कर कारवाई करे।





