



एनएच-19 पर तेज रफ्तार बोलेरो डिवाइडर से टकराई, चालक गंभीर रूप से घायल

डीजे न्यूज, निमियाघाट (गिरिडीह) : डुमरी प्रखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रंगामाटी पंचायत के गट्टीगढ़ा गांव के पास बुढ़िया नदी पुल के डिवाइडर से एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला निमियाघाट थाना क्षेत्र का है।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने तुरंत निमियाघाट पुलिस को सूचना दी और 108 एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय बोलेरो की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास थी। बोलेरो में अकेले सवार चालक महेंद्र यादव (उम्र 30 वर्ष), पिता रामचंद्र यादव, निवासी टाटीझरिया (हजारीबाग) गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार महेंद्र धनबाद में शादी समारोह में शामिल होकर टाटीझरिया लौट रहे थे, इसी दौरान झपकी आ जाने से वाहन पुलिया के डिवाइडर से जा टकराया। सूचना मिलने पर निमियाघाट पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। चालक के मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी।
