एनडी ग्रोवर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक उत्थान की मजबूत नींव रखी थी : सचिन गर्ग 

Advertisements

एनडी ग्रोवर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक उत्थान की मजबूत नींव रखी थी : सचिन गर्ग 

बीएनएस डीएवी में मनाई गई एनडी ग्रोवर की पुण्यतिथि

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सिरसिया स्थित बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में महान शिक्षाविद एवं समाजसेवी महात्मा एनडी ग्रोवर की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुरूप हवन यज्ञ के साथ किया गया। इसके उपरांत विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने विद्यालय प्रांगण में स्थापित महात्मा एनडी ग्रोवर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर प्राचार्य सचिन गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा एनडी ग्रोवर एक महान शिक्षाविद होने के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्व थे। उनके सतत प्रयासों से बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल एवं उत्तर प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में 200 से अधिक डीएवी विद्यालयों की स्थापना संभव हो सकी। इन शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्थान की मजबूत नींव रखी।

उन्होंने कहा कि ओडिशा में आए भीषण चक्रवाती तूफान के समय पीड़ितों की सहायता के लिए महात्मा ग्रोवर के नेतृत्व में किए गए कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। साथ ही खूंटी स्थित दयानंद नेत्रालय में दी जा रही निःशुल्क सेवाएँ उनके मानवीय एवं सामाजिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ हिंदी शिक्षक शिव शंकर सिंह ने एनडी ग्रोवर के प्रेरणादायी जीवन एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top