

























































एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से मातम : चार दिनों से नहीं जला चूल्हा

डीजे न्यूज, बिरनी,गिरिडीह : गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के बटलोहिया गांव में सड़क हादसे में मां-बेटे और पुत्री की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घर में पिछले चार दिनों से चूल्हा तक नहीं जला है। स्वजनों का कहना है कि दर्द इतना गहरा है कि भूख की भावना ही समाप्त हो गई है। जो लोग सत्तू-चूड़ा देकर सांत्वना देने की कोशिश करते हैं, उसे भी परिवार लौटाकर दे देता है।
घटना के बाद से न सिर्फ मृतकों का परिवार, बल्कि पूरा गांव शोकाकुल है। घर के अंदर बैठकर परिजन बार-बार फफक कर रो पड़ते हैं। मृतक रामदेव यादव की पत्नी दुलारी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कहती रहती हैं कि पति, मां और बेटी इलाज के लिए गए हैं और जल्द घर लौट आएंगे।
बताया गया कि बीते शुक्रवार शाम 70 वर्षीय तलिया देवी अचानक घर पर गिर गईं। इलाज के लिए रामदेव यादव अपने रिश्तेदार की स्विफ्ट डिजायर कार से उन्हें धनबाद ले जा रहे थे। कार में रामदेव यादव की पुत्री गीता देवी और जेठ सास होसिया देवी भी साथ थीं।
रात करीब 10:30 बजे धनबाद-राजगंज सिक्स लेन हाइवे पर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे आ रही कार ट्रक से जोरदार टकरा गई। मौके पर ही तलिया देवी और रामदेव यादव की मौत हो गई। गीता देवी और होसिया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान शनिवार दोपहर गीता देवी ने भी दम तोड़ दिया, जबकि होसिया देवी का उपचार धनबाद में जारी है।



