
ईद-उल-फितर: सात जोनल दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
सभी थाना व ओपी में रहेंगे दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी
2311217, 100 व 112 है जिला नियंत्रण कक्ष का फोन नंबर
डीजे न्यूज, धनबाद: ईद-उल-फितर को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण व हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के लिए डीसी माधवी मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन तथा अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) पीयूष सिन्हा ने संयुक्त आदेश जारी किया है। आदेश में धनबाद जिले को कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर एवं टुंडी ज़ोन में बांटा है। सभी जोन में जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा सभी थाना व ओपी में पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी मौजूद रहेंगे। साथ ही सभी थाना क्षेत्र में पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा। ईद के मौके पर 31 मार्च की सुबह 6 बजे से 1 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार जिला नियंत्रण कक्ष के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। जबकि डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार पुलिस पदाधिकारी के वरीय प्रभार में रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0326 – 2311217, 100 एवं 112 है। ईद-उल-फितर के अवसर पर मादक पदार्थ एवं शराब की अवैध बिक्री करने वालों पर कार्रवाई करने के लिए सभी उत्पाद निरीक्षक तथा अवर उत्पाद निरीक्षक कंट्रोल रूम में मौजूद रहेंगे। इससे संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कंट्रोल रूम से दंडाधिकारी एवं पुलिस के साथ संबंधित स्थल पर पहुंचकर कार्रवाई करेंगे।
सभी थाना व ओपी में रहेंगे दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी: धनबाद, बैंक मोड़, सरायढेला, धनसार, झरिया, जोरापोखर, सुदामडीह, पाथरडीह, तिसरा, सिंदरी, बलियापुर, केंदुआडीह, पुटकी, लोयाबाद, जोगता, कतरास, राजगंज, महुदा, मधुबन, बरोरा, तेतुलमारी, बाघमारा, तोपचांची, हरिहरपुर, बरवाअड्डा, गोविंदपुर, टुंडी, पुर्वी टुंडी, मनियाडीह, निरसा, चिरकुंडा थाना तथा भूली ओपी, घनुआडीह, बोर्रागढ़, भौंरा, लोदना, अलखडीहा, गौशाला, मुनिडीह, भागाबांध, अंगारपथरा, कपूरिया, रामकनाली, गोंदुडीह, खरखरी, ईस्ट बसुरिया, सोनारडीह, धर्माबांध, कालूबथान, कुमारधुबी, मैथन, गलफरबाड़ी, खरखरी, भाटडीह एवं पंचेत ओपी के लिए पुलिस पदाधिकारियों के साथ साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं धनबाद थाना, बैंक मोड़, झरिया, निरसा, गोविंदपुर, टुंडी, बाघमारा, कतरास, तोपचांची, राजगंज, लोदना, मैथन, गलफरबाड़ी सहित 38 थाना क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
लगातार भ्रमणशील रहेगा पुलिस का चलंत दस्ता: ईद-उल-फितर के अवसर पर पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर डीएसपी, साइबर थाना प्रभारी व्हाट्सएप ग्रुप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए रखेंगे। संयुक्त आदेश में पेयजल आपूर्ति, साफ सफाई, विद्युत आपूर्ति, सोशल मीडिया सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।