




ईद और रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट
डीजे पर होगा पूर्ण प्रतिबंध : एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आगामी ईद और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी को लेकर मंगलवार को मुफस्सिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते ने की।
बैठक में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सीओ जितेंद्र कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, बीडीओ गणेश रजक समेत शांति समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी सूरत में डीजे नहीं बजेगा। त्योहारों के दौरान डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और इसका उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रामनवमी का अखाड़ा जुलूस उसी पारंपरिक रूट से निकलेगा, जिस रूट से पूर्व में निकलता रहा है। साथ ही पूरे जुलूस और संवेदनशील इलाकों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा।
बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूरा सहयोग करेंगे।



