



ड्यूटी के दौरान तबीयत सफाई कर्मी की मौत, आश्रित को मिली नियुक्ति

डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : लोदना कोलियरी में कार्यरत 57 वर्षीय सफाई कर्मचारी गोपी हरी की मंगलवार को ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल जेलगोरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सेंट्रल अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद यूनियन नेता एवं हाड़ी समाज के वरीय नेता ध्रुव हरी ने प्रबंधन से मुलाकात कर मृतक के आश्रित को तत्काल नियोजन देने की मांग की। साथ ही नेताओं ने शव को क्षेत्रीय कार्यालय गेट पर रखकर प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी।
सूचना मिलते ही कार्मिक प्रबंधक (प्रशासन) अरिंदम कुंडू ने तत्परता दिखाते हुए मृतक के पुत्र अजय हरी को प्रोविजनल नियुक्ति प्रदान की। इस दौरान कार्मिक प्रबंधक अभिजीत कुमार, बड़ा बाबू राकेश कुमार, किशोर कुमार सहित यूनियन के ललन पासवान, इस्माइल मल्लिक, राजकुमार साव, मनोज, प्रजा पासवान, बिहारी लाल चौहान, अनिल सिंह और ध्रुव हरी मौजूद थे। मौके पर जनता मजदूर संघ के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक संजीव सिंह भी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि वे हमेशा मजदूर हित में कार्य करते रहेंगे।




