

दुष्कर्म का प्रयास के विरोध में सरिया में किशोरी की हत्या
डीजे न्यूज, सरिया(गिरिडीह) : सरिया प्रखंड क्षेत्र के एक किशोरी की हत्या कर दी गई है। इस हत्या से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि लड़की नदी में नहाने के लिए गई थी। इसी दौरान बगल के गांव के थोरिया का एक अधेड़ युवक उसी नदी के पास नहाने पहुंचा। इस दौरान अधेड़ ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। मामले की सूचना मिलते ही सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पुलिस ने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। मौके पर पहुंचे बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने घटना की कड़ी निंदा की है। साथ ही ग्रामीणों को उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कांड में जो भी दोषी हैं उसको प्रशासन जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करेगा।
