



डुमरी–गिरिडीह मार्ग पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : गिरिडीह–डुमरी मुख्य मार्ग पर पांडेडीह के समीप गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांडेडीह के पास सड़क से गुजर रहे लोगों ने एक बाइक और दो व्यक्तियों को सड़क पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना से सब इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को गंभीर हालत में एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल, गिरिडीह भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
समाचार लिखे जाने तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है।



