

दुमका व जामताड़ा सहित पूरे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को सांसद खेल महोत्सव नई दिशा देगा : सांसद प्रदीप वर्मा
21 सितंबर से 25 दिसंबर तक होगा खेल महोत्सव, ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
डीजे न्यूज, जामताड़ा : सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा मौजूद रहे। सांसद वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को प्रोत्साहित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की गई है। इसी क्रम में सांसद खेल महोत्सव देशभर के संसदीय क्षेत्रों में एक साथ आयोजित किया जा रहा है।
सांसद प्रदीप वर्मा ने कहा कि पहले खेल आयोजन के बाद खिलाड़ियों और प्रतिभागियों का कोई सरकारी आंकड़ा नहीं रहता था, लेकिन अब इस समस्या का समाधान कर दिया गया है। भारत सरकार ने सांसद खेल महोत्सव के लिए एक वेबसाइट लॉन्च किया है, जहां खिलाड़ियों का अनिवार्य पंजीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन 21 सितंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर संपन्न होगा। इस बार महोत्सव में कुल 10 खेल शामिल किए गए हैं, जिनमें फुटबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, शतरंज, योग, कबड्डी और खो-खो प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि दुमका लोकसभा क्षेत्र में वर्तमान में सांसद नहीं होने के कारण, इस बार राज्यसभा सदस्य के रूप में उन्हें इस खेल महोत्सव का संयोजक बनने का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि दुमका व जामताड़ा सहित पूरे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को यह मंच नई दिशा देगा। मौके पर प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, रवि दुबे, जिला प्रभारी निवास मंडल, सुरेश मुर्मू, जामताड़ा जिला संयोजक हरिमोहन मिश्रा, दुमका संयोजक गुंजन मरांडी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, भाजपा नेता सत्यानंद झा, माधव चंद्र महतो, वीरेंद्र मंडल, जिला महामंत्री मितेश शाह, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
