दुमका भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए रायशुमारी, कई दावेदान आए सामने 

Advertisements

दुमका भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए रायशुमारी, कई दावेदान आए सामने 

डीजे न्यूज, दुमका : भारतीय जनता पार्टी दुमका जिला में संगठन पर्व के तहत गुरुवार को अग्रसेन भवन, दुमका में जिलाध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी की प्रक्रिया संपन्न हुई। यह कार्यक्रम भाजपा प्रदेश संगठन द्वारा नियुक्त जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह की उपस्थिति में आयोजित किया गया। पर्यवेक्षक के रूप में निरसा की पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता एवं रवि मोदी मौजूद रहे।

रायशुमारी के दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं पूर्व मंडल अध्यक्षों से व्यक्तिगत रूप से तीन-तीन नामों की सूची ली गई। पर्यवेक्षकों ने सभी से अलग-अलग बातचीत कर राय ली और प्राप्त नामों को संकलित किया। इसके बाद सभी नामों को विधिवत सीलबंद लिफाफे में बंद कर आगे की प्रक्रिया के लिए प्रदेश संगठन को भेज दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान संगठन पर्व के तहत निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। रायशुमारी में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल स्तर के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि संगठन पर्व के अंतर्गत रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ कराई गई है। सभी पदाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से राय लेकर उसे संकलित किया गया है, जिसे आगे की प्रक्रिया के लिए प्रदेश संगठन को भेजा जा रहा है। पर्यवेक्षक अपर्णा सेन गुप्ता ने कहा कि दुमका जिला में संगठनात्मक प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई है। कार्यकर्ताओं में संगठन को मजबूत करने को लेकर सकारात्मक उत्साह देखने को मिला है। पर्यवेक्षक रवि मोदी ने कहा कि पार्टी की यह प्रक्रिया आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करती है। सभी स्तर के पदाधिकारियों से राय लेकर संगठनात्मक निर्णय लिए जा रहे हैं, जो आने वाले समय में संगठन को मजबूती प्रदान करेगा। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने कहा कि संगठन पर्व के अंतर्गत जिलाध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी की प्रक्रिया पार्टी की परंपरा और अनुशासन का उदाहरण है। सभी कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदारी के साथ अपनी राय दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रक्रिया से संगठन और अधिक मजबूत होकर आगे बढ़ेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top