


दो महिलाओं की हत्या करने वाले श्रीकांत चौधरी ने गावां थाना में अपना गला रेता, मौत
करमा पर्व के दिन जंगल में बुलाकर बारी-बारी से दो महिलाओं को मार डाला था, अवैध संबंध बना विनाश का कारण
डीजे न्यूज, गावां (गिरिडीह) : गावां के नीमाडीह की दो महिलाओं सोनी देवी और रिंकू देवी की गला घोंटकर हत्या करने वाले गावां के ही खरसान पंचायत निवासी श्रीकांत चौधरी ने मंगलवार को गावां थाना में अपना गला रेत लिया। इसके बाद उसे तुरंत थाना से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गावां ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत उसे आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही अवैध संबंध में एक साथ तीन जिंदगी खत्म हो गई और तीन परिवार तबाह हो गया।
इधर खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने देवभूमि झारखंड न्यूज को बताया कि आरोपी को जेल भेजने से पहले थाने के हाजत में रखा गया था। एफआईआर दर्ज करने के बाद मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था। इसी बीच उसने पतली रस्सी से गला दबाने की कोशिश की, जिससे उसकी स्थिति नाजुक हो गई। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
विदित हो किकरमा पर्व के पारन दिन से लापता गावां नीमाडीह की दो महिलाओं का शव सोमवार की शाम जंगल से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त पर शाम करीब 7:30 बजे नीमाडीह से चार किलोमीटर दूर घने जंगल से दोनों शव बरामद किए थे। दोनों शवों की बरामदगी गांवा के ही खरसान पंचायत के श्रीकांत चौधरी की निशानदेही पर हुई थी। आरोप है कि श्रीकांत चौधरी ने दोनों को पहले जंगल में बुलाया और फिर बारी-बारी से दोनों को ले जाकर मार डाला था। पूछताछ में श्रीकांत चौधरी ने यह बात पुलिस के समक्ष स्वीकार की थी। हत्या का कारण अवैध संबंध बताया था। मृतकों की पहचान सोनी देवी (24 वर्ष, पति धर्मेंद्र यादव, निवासी संबलपुर, थाना सतगावां, मायके नीमाडीह) और रिंकू देवी (38 वर्ष, पति संतोष रविदास, निवासी नीमाडीह) के रूप में हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों की हत्या बारी-बारी से कर शव को जंगल में फेंक दिया गया था। रिंकू देवी के सात छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आक्रोश व्यक्त किया। हत्या की इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। घटना के बाद दूसरे दिन मंगलवार की सुबह आक्रोशित लोगों ने गावां थाना पर प्रदर्शन भी किया था।
