























































दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं बाबूलाल मरांडी का जन्मदिन तिसरी में धूमधाम से मना

माता-भाई नुनूलाल मरांडी समेत परिजनों ने पैतृक गांव कोदईबांक में समारोहपूर्वक मनाया मरांडी का जन्मदिन
बरनवाल धर्मशाला में झामुमो ने शिबू सोरेन जयंती का किया भव्य आयोजन
डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : झारखंड के दो दिग्गज नेता दिवंगत दिशाेम गुरु शिबू सोरेन एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का जन्मदिन रविवार को राज्यभर में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।
झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष सह धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी का 68वां जन्मदिन रविवार को उनके पैतृक आवास कोदईबांक में बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उनकी माता, अनुज नुनूलाल मरांडी एवं पुत्र सनातन मरांडी ने पारिवारिक वातावरण में जन्मदिन समारोह आयोजित किया। जन्मदिन के मौके पर नुनूलाल मरांडी एवं सनातन मरांडी ने बाबूलाल मरांडी को मिल रहे जनसमर्थन और स्नेह के लिए जनता के प्रति आभार व्यक्त कियाऔर सोहराय पर्व की भी शुभकामनाएं दी। समारोह में रामी मरांडी, पूर्व चंदौरी मंडल अध्यक्ष रविंद्र पंडित, विकास कुमार, अनूप कुमार एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे, जिन्होंने बाबूलाल मरांडी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। वहीं दूसरी ओर तिसरी प्रखंड मुख्यालय स्थित बरनवाल धर्मशाला में दिशोम गुरु एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जेएमएम कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष रिंकू बरनवाल ने कहा कि यह दिन केवल एक महान नेता का जन्मदिन नहीं, बल्कि उस संघर्षशील आंदोलनकारी को याद करने का अवसर है, जिन्होंने जीवन जीने, संघर्ष करने और सच्चाई व मूल्यों पर अडिग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने अपने पूरे जीवन में अन्याय के सामने कभी सिर नहीं झुकाया और जंगल, जमीन एवं आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु के संघर्षों और योगदान के कारण ही झारखंड राज्य अस्तित्व में आया और उनके विचार आज भी युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। यही कारण है कि झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में उनका नाम अमर रहेगा। इस मौके पर मनोज यादव, राजू रविदास, सुरेश मरांडी, दासो सोरेन, लक्ष्मी वर्मा, मनोज हेमब्रोम, अक्सर हुसैन, मो. नासिम सहित कई जेएमएम कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।



