
दिशोम गुरु को जामताड़ा मुखिया संघ ने दी नम आंखों से विदाई
डीजे न्यूज, जामताड़ा : दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से पूरा झारखंड शोक में डूबा हुआ है। इसी क्रम में जामताड़ा प्रखंड मुखिया संघ की ओर से गुरुवार को श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें झुके सिर और नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। यह आयोजन मुखिया संघ के अध्यक्ष सह गोपालपुर पंचायत के मुखिया सरोज हेंब्रम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रखंड के सभी पंचायतों के मुखिया और प्रतिनिधि शामिल हुए। सभा में उपस्थित सभी लोगों ने गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर, 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूरे माहौल में शोक और सम्मान का भाव स्पष्ट रूप से देखा गया।
यह केवल एक औपचारिकता नहीं, झारखंड की आत्मा को अंतिम प्रणाम है : सरोज हेंब्रम
सभा को संबोधित करते हुए मुखिया संघ के अध्यक्ष सरोज हेंब्रम ने कहा कि यह श्रद्धांजलि सभा कोई राजनीतिक औपचारिकता नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा से जुड़े एक युगपुरुष को अंतिम प्रणाम देने का भावनात्मक क्षण है। गुरुजी ने आदिवासी समाज को पहचान, हक और स्वाभिमान दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर प्रमुख रूप से सुरेंद्र टुडू, जोसेफ मुर्मू, सुनीता मुर्मू, शिवधन हांसदा, मनोरंजन मरांडी, मिखदी सोरेन, जिवोती सोरेन, पार्वती मरांडी, परेश मुर्मू सहित अन्य पंचायतों के मुखिया और प्रतिनिधि उपस्थित थे।