
दिशोम गुरु के निधन पर झामुमो के धनबाद जिला कमेटी मर्माहत, जिलाध्यक्ष लक्खी ने कहा झारखंड ने आज अपना पितामह खो दिया
डीजे न्यूज, धनबाद:
झामुमो सुप्रीमो सह पूर्व सीएम शिबू सोरेन के निधन पर मोर्चा के जिला कमेटी ने गहरा शोक प्रकट किया है।
दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन ने कहा कि झारखंड ने आज अपना पितामह खो दिया। दिशोम गुरु शिबू न केवल एक राजनेता थे, बल्कि वे झारखंडी अस्मिता, संघर्ष और सम्मान के प्रतीक थे। उनका जाना झारखंड आंदोलन की आत्मा के विछोह जैसा है। हम सभी उनके आदर्शों को आत्मसात कर उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लेते हैं।
जिला सचिव मन्नू आलम ने कहा कि आज झारखंड की आत्मा रो रही है। दिशोम गुरु शिबू का निधन न केवल राजनीतिक क्षति है, बल्कि यह एक युग का अंत है। उन्होंने संघर्षों की आग में तपकर झारखंड को जन्म दिया।
जिला प्रवक्ता समीर रवानी ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का जाना केवल एक व्यक्ति का नहीं, एक विचारधारा का वियोग है। वे हमारी मिट्टी की गंध थे, आदिवासी चेतना की आवाज थे,और झारखंड के आत्मसम्मान के संरक्षक थे। उनका पूरा जीवन संघर्ष की रेखाओं से लिखा गया वह ग्रंथ है, जिसे पढ़कर हमने बोलना, लड़ना और अधिकारों के लिए खड़ा होना सीखा।