डिप्टी मेयर व नगर पंचायत अध्यक्षों के चुनाव की पूरी प्रक्रिया की कराई जाएगी वीडियोग्राफी : रामनिवास यादव

Advertisements

डिप्टी मेयर व नगर पंचायत अध्यक्षों के चुनाव की पूरी प्रक्रिया की कराई जाएगी वीडियोग्राफी : रामनिवास यादव

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी : उपायुक्त

मेयर 16 मार्च को समाहरणालय में, बड़की सरैया नगर पंचायत अध्यक्ष 17 मार्च को बगोदर एसडीओ कार्यालय में तथा धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष 18 मार्च को खोरी महुआ एसडीओ कार्यालय में आयोजित समारोह में लेंगे शपथ

डीजे न्यूज, गिरिडीह :

नगरपालिका आम निर्वाचन के सफल समापन के पश्चात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उप महापौर एवं उपाध्यक्ष के अप्रत्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महापौर एवं वार्ड पार्षदों के निर्वाचन के बाद अब नगर निगम एवं नगर पंचायत स्तर पर उप महापौर तथा उपाध्यक्ष का चुनाव संबंधित निर्वाचित जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह चुनाव प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से जनता द्वारा नहीं, बल्कि निर्वाचित पार्षदों के बीच आयोजित विशेष बैठक में कराया जाएगा। इसके लिए निर्धारित तिथि पर सभी निर्वाचित पार्षदों को सूचना जारी की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता अधिकृत पदाधिकारी द्वारा की जाएगी तथा पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न होगी। उपायुक्त ने बताया कि 10 मार्च से 20 मार्च तक शपथ ग्रहण एवं अप्रत्यक्ष निर्वाचन हेतु निकायवार तिथि निर्धारित की जा चुकी है। नगर निकायों के निर्वाचित पदधारकों का शपथ ग्रहण कराने हेतु बुलाई गई बैठक में ही शपथ ग्रहण के पश्चात् उपमहापौर /उपाध्यक्ष का अप्रत्यक्ष निर्वाचन भी सम्पन्न कराया जाएगा। अतः पूर्व के दृष्टांतों के आधार पर निम्नलिखित मुख्य विषयों पर विशेष सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है

1. अप्रत्यक्ष निर्वाचन के संदर्भ में निर्वाचित वार्ड पार्षदों पर अपने पक्ष में मत देने हेतु अनुचित प्रभाव डालना।

2. किसी निर्वाचित वार्ड पार्षद को अप्रत्यक्ष निर्वाचन में भाग लेने से रोकना।

3. निर्वाचित वार्ड पार्षदों को अपने पक्ष में मत देने के लिए किसी प्रकार का रिश्वत या प्रलोभन देना।

4. वार्ड पार्षदों को किसी गुप्त स्थान पर ले जाकर रखना या बंधक बनाना या धमकी देना।

उपायुक्त ने बताया कि 28 फरवरी को निर्वाचित सदस्यों एवं महापौर तथा अध्यक्ष के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी। साथ ही दिनांक दो मार्च को सभी निर्वाचित सदस्यों का गजट प्रकाशन किया जायेगा। वहीं सात मार्च को अप्रत्यक्ष निर्वाचन हेतु नोटिस निर्गत किया जाएगा। 7.03.26 से दिनांक 09.03.26 को नोटिस तामिला कराने की तिथि। महापौर के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 16 मार्च को समाहरणालय सभागार, बड़की सरैया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शपथ ग्रहण समारोह 17 मार्च को अनुमंडल कार्यालय सभागार बगोदर सरिया तथा धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शपथ ग्रहण समारोह 18 मार्च को अनुमंडल कार्यालय सभागार खोरीमहुआ में आयोजित किया जाएगा। सभी निर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण का समय अपराह्न 04:30 बजे से 05:00 बजे किया जाएगा। इसके अलावा उपायुक्त ने बताया कि नगर निगम गिरिडीह के उप महापौर के लिए निर्वाची पदाधिकारी के रूप में स्मृता कुमारी, उप विकास आयुक्त, बड़की सरैया नगर पंचायत के उपाध्यक्ष के लिए गुलाम समदानी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा धनवार नगर पंचायत के उपाध्यक्ष के लिए अपर समाहर्ता बिजय सिंह बीरूआ को नामित किया गया है। उन्होंने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया बैठक के दिन ही पूरी की जाएगी। इच्छुक पार्षद निर्धारित प्रारूप में अपना नाम प्रस्तावित एवं समर्थित कर सकेंगे। यदि एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में होते हैं तो मतदान की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। मतदान गुप्त मतपत्र के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी रामनिवास यादव ने कहा कि पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि नगरपालिका आम निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में प्रशासन, पुलिस बल एवं आम नागरिकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। अब उप महापौर और उपाध्यक्ष के चुनाव के साथ ही नगर निकायों की नई कार्यकारिणी पूर्ण रूप से गठित हो जाएगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

अंत में उपायुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से बचें और आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त, श्रीमती स्मृता कुमारी, निदेशक डीआरडीए, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, नगरपालिका, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत प्रिंट व इलेट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top