

धनसार परियोजना में भ्रष्टाचार और मनमानी के खिलाफ मजदूरों का आंदोलन
डीजे न्यूज, धनबाद: धनसार परियोजना में परियोजना पदाधिकारी की मनमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के केंद्रीय उपाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह ने शनिवार को विश्वकर्मा परियोजना के मजदूरों को एकजुट किया। संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि परियोजना पदाधिकारी खदान सुरक्षा अधिनियम की अवहेलना करते हुए मजदूरों की जान को जोखिम में डाल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पदाधिकारी डीजीएमएस में अपनी पहुंच और कंपनी के उच्च अधिकारियों में प्रभाव का दावा कर धांधली कर रहे हैं। कहा कि एक साजिश के तहत परियोजना को बदतर स्थिति में लाया गया है। मजदूरों के कठिन परिश्रम से जीवंत हुई इस परियोजना को पदाधिकारी की अक्षमता और स्वार्थ के कारण खतरनाक स्थिति में पहुंचा दिया गया है। उन्होंने मजदूरों से अपील की कि धनसार परियोजना सभी की आजीविका का आधार है और इसके उज्जवल भविष्य में ही मजदूरों का भविष्य निहित है। उन्होंने प्रबंधन की उस नीति का कड़ा विरोध जताया, जो मजदूरों की जान की कीमत पर उत्पादन बढ़ाने पर केंद्रित है। ऐलान किया कि दुर्गा पूजा के बाद परियोजना पदाधिकारी के भ्रष्टाचार और मनमानी के खिलाफ जोरदार आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष व्यक्त किया।सभा में यूनियन के केंद्रीय उपाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह के अलावा चन्द्रिका पासवान, अमरेश कुमार झा, राम सेवक ध्रुव, हरखोरी चौहान, बिनोद चौहान, कृष्णा चौहान, गणेश रजक, मुजिबुर्र रहमान, बिदेशी साव, अशोक विश्वकर्मा, अशोक मंडल, बसंत यादव, मो. गुलाम साबिर, मिथिलेश चौहान, अमूल्य तांती, महेश्वर विश्वकर्मा, मो. बसीर अहमद, जगदेव प्रसाद, इमरान खान, रामचंद्र ऋषि, जयप्रकाश साव सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।
