धनबाद–सिंदरी मार्ग को फोरलेन में बदलने की दिशा में बड़ा कदम सांसद ढुलू महतो के प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नए राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यक्रम में शामिल करने के दिए निर्देश

Advertisements

धनबाद–सिंदरी मार्ग को फोरलेन में बदलने की दिशा में बड़ा कदम

सांसद ढुलू महतो के प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नए राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यक्रम में शामिल करने के दिए निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। धनबाद–सिंदरी मार्ग को फोरलेन में परिवर्तित करने के संबंध में सांसद ढुलू महतो द्वारा किए गए अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सकारात्मक पहल करते हुए मंत्रालय के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए हैं।

केंद्रीय मंत्री द्वारा भेजे गए पत्र (वी.आई.पी. पत्र संख्या–JH018012) में सांसद ढुलू महतो के पत्रांक 39/VIP/DEL/2025/5 के संदर्भ में अवगत कराया गया है कि मंत्रालय नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की नीति के तहत यातायात घनत्व, माल ढुलाई, यात्री आवाजाही, क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक दृष्टिकोण, पर्यटन तथा राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़कों जैसे मानकों के आधार पर निर्णय लेता है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के महत्व को ध्यान में रखते हुए तथा उपर्युक्त तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए सांसद द्वारा प्रस्तावित मार्ग/मार्गों को मंत्रालय के नए राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यक्रम में शामिल करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

सांसद ढुलू महतो ने इस सकारात्मक पहल पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धनबाद–सिंदरी मार्ग औद्योगिक, शैक्षणिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इसके फोरलेन में परिवर्तित होने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं में कमी आएगी और क्षेत्र के औद्योगिक व व्यावसायिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि धनबाद को एक सशक्त औद्योगिक और शहरी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सुदृढ़ सड़क अवसंरचना अत्यंत आवश्यक है। केंद्र सरकार की सकारात्मक सोच और निरंतर सहयोग से क्षेत्र में आधारभूत विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सांसद महतो ने विश्वास व्यक्त किया कि निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप आगे की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण होगी और धनबाद–सिंदरी मार्ग के उन्नयन का मार्ग प्रशस्त होगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top