धनबाद-निरसा-बलियापुर की खबरें:-

Advertisements

धनबाद-निरसा-बलियापुर की खबरें:-

स्वास्थ्य कर्मियों को किया गया सम्मानित

बलियापुर: विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर मंगलवार को बलियापुर जेनरल अस्पताल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।  डॉक्टर सरिता चौधरी, समाजसेवी चौधरी चरण महतो ने स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर कार्य करने के लिए सम्मानित किया। डॉ सरिता चौधरी ने कहा कि यहां के स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य के प्रति बेहतर जागरूकता का कार्य किया जा रहा है। समाजसेवी चौधरी चरण महतो ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति हम सभी को सचेत रहने की जरूरत है।
——————————————-

डीसी ने लिया प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यशाला का जायजा

धनबाद: मुखियाओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यशाला का जायजा लेने डीसी आदित्य रंजन मंगलवार को न्यू टाउन हॉल तथा सदर अस्पताल के एमटीसी ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे।

उन्होंने मुखियाओं को राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन करने तथा पंचायत के अंतिम व्यक्ति को योजना का लाभ प्रदान करने का निर्देश दिया।

साथ में प्रशिक्षण के दौरान मुखियाओं को बताए गए पंचायत के अधिकार एवं कर्तव्य, पंचायत की प्रशासनिक एवं वित्तीय शक्तियां, जन भागीदारी, उनके उत्तरदायित्व सहित अन्य विषयों को अच्छे से समझने का निर्देश दिया।

रांची से आए प्रशिक्षक सुजीत कमार, प्रकाश राना तथा नमिता देवी विभिन्न सेंटरों में मुखियाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
——————————————-

विधायक अरूप ने किया स्कूल भवन का उद्घाटन          

धनबाद: निरसा प्रखंड के मदुरायडीह में 1971 में स्थापित प्राथमिक विद्यालय के नए भवन का उदघाटन विधायक अरूप चटर्जी व सांसद प्रतिनिधि प्रशांत बनर्जी ने संयुक्त रूप से किया। भवन का निर्माण डीएमएफटी फंड से किया गया है।  विधायक अरूप ने बच्चों के बीच कॉपी, किताब, पेंसिल का वितरण किया। मौके पर संवेदक सम्राट चौधरी, दिनेश मंडल, नागेंद्र राय, प्रसून सिंह, रविंद्र राय आदि शामिल थे।
——————————————-

होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल हुए 545 अभ्यर्थी

धनबाद: बिरसा मुंडा मेगा स्पोर्ट्स कंपलेक्स में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को 545 अभ्यर्थी शामिल हुए। सभी अभ्यर्थी 1600 मीटर दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, शॉट पुट, हिंदी लेखन परीक्षा, हाइट – वेट में शामिल हुए।

वहीं उपायुक्त आदित्य रंजन ने प्रातः मेगा स्पोर्ट्स कंपलेक्स का भ्रमण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। वे लगभग छः घंटे तक वहां उपस्थित रहे। उन्होंने परीक्षा के लिए मेगा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों व कर्मियों को प्रति दिन प्रातः 5 बजे तक निर्धारित स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया।

होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त  सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर  हेमा प्रसाद, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा  नियाज अहमद सहित अन्य पदाधिकारियों ने हर इवेंट की बारिकी से निगरानी की। जबकि परीक्षा संचालन में जिला समादेष्टा सूर्यकांत कुमार, डीएसपी मुख्यालय 1 शंकर कामती, कार्यपालक दंडाधिकारी  रविन्द्र नाथ ठाकुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि परीक्षा केंद्र के हर कोने की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, दौड़ और अन्य शारीरिक स्पर्धाओं की निरंतर वीडियोग्राफी कराई जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक हाजिरी और आधार सत्यापन किया जा रहा है। वहीं दौड़ के सटीक समय के मापन के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन चिप तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे परिणाम पूरी तरह त्रुटिहीन और पारदर्शी बने रहें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top