

धनबाद में टर्फ विकेट वाले जितने मैदान हैं, उतना अन्य जिलों में नहीं : अजयनाथ शाहदेव
धनबाद को क्रिकेट हब बनाना लक्ष्य : मनोज कुमार
डीसीए के वार्षिक सम्मान समारोह में जुटे दिग्गज, धनबाद की उपलब्धियों को सब ने सराहा
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद में क्रिकेट का इंफ्रास्ट्रक्चर काफी बेहतर है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) धनबाद क्रिकेट संघ के साथ मिलकर यहां इसमें और भी सुधार का कार्य करते रहेंगे जिससे क्रिकेटरों को सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं उपलब्ध हो सके। यह बात जेएससीए के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने रविवार को धनबाद क्लब के आडिटोरियम में आयोजित डीसीए के वार्षिक सम्मान समारोह के दौरान अपने संबोधन में कही। इस दौरान डीसीए के सत्र 2024-25 के लिए चयनित क्रिकेटर आफ द ईयर के साथ ही विभिन्न टूर्नामेंटों में सर्वाधिक रन बनाने या विकेट लेने वालों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर अतिथियों में जेएससीए के पूर्व सचिव राजेश वर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष राजीव बधान, कार्यकारिणी सदस्य रत्नेश कुमार सिंह, धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, धनबाद नगर निगम के आयुक्त रविराज शर्मा के अलावा डीसीए के अध्यक्ष मनोज कुमार, वरीय उपाध्यक्ष साधवेंद्र सिंह समेत अन्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन महासचिव बिनय कुमार सिंह कर रहे थे। शाहदेव ने कहा कि धनबाद में टर्फ विकेट वाले जितने मैदान हैं, उतना अन्य जिलों में नहीं है। अगर यहां से क्रिकेटर उभरकर सामने आते हैं और वे राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन करते हैं तो यह हमारी उपलब्धि होगी। उन्होंने डीसीए के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जिला क्रिकेट सही दिशा में जा रहा है। जेएससीए सदैव आपके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को आश्वस्त किया कि अच्छे खिलाड़ियों को जरूर मौका मिलेगा। वहीं राजेश वर्मा ने कहा कि धनबाद से मेरी भावनाएं जुड़ी हुई है। मेरे कार्यकाल में यहां बीसीसीआइ के काफी मैचों का आयोजन हुआ। धनबाद से हमेशा स्टेट एसोसिएशन को सहयोग मिलता रहा है। डीसीए एक सुव्यवस्थित संस्था है और यहां क्रिकेट के विकास में अच्छा कार्य हुआ है। यहां से हमें शाहबाज नदीम व अनंदिता किशोर जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी मिले हैं। राजीव बधान ने भी डीसीए की सराहना करते हुए कहा कि जेएससीए में धनबाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वहीं पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि धनबाद में क्रिकेटर पनपे, पले-बढ़े, यही उनकी कामना है। उन्होंने क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी शुभकामनाएं भी दी। डीसीए के अध्यक्ष मनोज कुमार ने अपने संबोधन में संघ की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि 2028 को डीसीए के 50 वर्ष पूरे हो जाएंगे। इसे लेकर हमने मिशन-2028 लांच किया है। हमारा लक्ष्य है कि झारखंड की सभी आयु वर्गों की टीमों में धनबाद का प्रतिनिधित्व रहे। जैसे कोटा एक शिक्षा हब है और छात्र अपने करियर की तैयारियों के लिए वहां पहुंचते हैं, इसी तरह हम चाहते हैं कि धनबाद व झारखंड एक क्रिकेट हब हो। बाहर से क्रिकेटर यहां ट्रेनिंग के लिए आएं। धनबाद की अनंदिता किशोर की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने एक बार फिर धनबाद प्रीमियर लीग के आयोजन की घोषणा की। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों के साथ ही जामताड़ा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष योगेश कुमार सिंह, दुमका क्रिकेट संघ के महासचिव अजीत भास्कर, रांची के सुनील साहू, विनय बिहारी कर्ण, बीसीसीएल की किरणरानी नायक, डीपीएस की प्राचार्य डा सरिता सिन्हा, सूर्या रियलकान के संतोष कुमार सिंह, जिला चैंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष चेतन गोयनका, नंदलाल अग्रवाल को सम्मानित किया गया। क्रिकेटर आफ द ईयर के लिए पुरुष सीनियर में कोनैन कुरैशी, महिला सीनियर में अनंदिता किशोर, पुरुष जूनियर में सिद्धार्थ सिन्हा एवं महिला जूनियर में वूष्टि को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सभी टूर्नामेंटों की विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर डीसीए के पदाधिकारियों में ललित जगनानी, रविजीत सिंह डांग, मनोज कुमार सिंह, संजीव झा, जावेद खान, बाल शंकर झा, बीएच खान, सुनील कुमार, धर्मेंद्र कुमार, अभिजीत घोष, राजन सिन्हा, द्वारिका तिवारी, संजीव राणा, सुधीर पांडेय, रत्नेश सिंह, संजय कुमार, नीरज पाठक, दीपक कुमार, ज्ञान रंजन व अन्य उपस्थित थे।
