



धनबाद में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न

संध्या 5:00 बजे तक नगर निगम में 46.98%, चिरकुंडा नगर परिषद में 61.40% मतदान
कई मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी
मतगणना स्थल पर थ्री लेयर सिक्योरिटी
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हुआ है। संध्या 5:00 बजे तक धनबाद नगर निगम में 46.98 एवं चिरकुंडा नगर परिषद में 61.40% मतदान हुआ है। कई मतदान केंद्रों पर अभी भी टोकन लेकर वोटर लाइन में लगे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग समाप्त होने के पश्चात वोटिंग परसेंटेज जारी किया जाएगा। उक्त बातें डीसी आदित्य रंजन ने सोमवार शाम पत्रकारों से कहीं।
उन्होंने बताया कि संध्या 5:00 बजे तक धनबाद नगर निगम में चार लाख 22 हजार 790 एवं चिरकुंडा नगर परिषद में 22704 वोटरों ने मतदान किया।
उपायुक्त ने बताया कि हालांकि मतदान के दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर छिटपुट घटना हुई। जिसका सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के स्तर से निराकरण किया गया। चुनाव के दौरान जिला कंट्रोल रूम सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ लगातार संपर्क में रहा। जहां हर समस्या का त्वरित समाधान किया गया। इसके अलावा कलेक्ट्रेट के तीन कंट्रोल रूम से कर्मी 1019 मतदान केंद्र के पीठासीन पदाधिकारी के संपर्क में रहे।
शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए उपायुक्त ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के सभी पदाधिकारियों, सभी मतदान पदाधिकारियों सहित चुनाव संपन्न कराने में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शामिल सभी अधिकारियों व कर्मियों तथा आमजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पत्रकार वार्ता में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि सभी 1019 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न हुए। कहीं से भी कोई भी बड़ी घटना सामने नहीं आई है।
उपायुक्त ने बताया कि अब 27 फरवरी को राजकीय पॉलिटेक्निक ने मतगणना आरंभ होगी। 11 हॉल में धनबाद नगर निगम एवं 4 हॉल में चिरकुंडा नगर परिषद के लिए मतों की गिनती की जाएगी। प्रत्येक मतगणना हॉल में 8 से 12 टेबल लगाए जाएंगे। सभी मतपेटिका के स्ट्रांग रूम पहुंचने के बाद स्ट्रांग रूम को सील कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान पुलिस के वरीय पदाधिकारी, पुलिस फोर्स, सिटी हॉक्स सहित पूरा पुलिस महकमा सुरक्षा के लिए तत्पर रहा। उन्होंने कहा कि अब प्रशासन का अगला लक्ष्य मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से स्ट्रांग रूम पहुंचाना है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्ट्रांग रूम में थ्री लेयर सिक्योरिटी रहेगी। सबसे इनर लेयर में झारखंड आर्म्ड पुलिस की टीम रहेगी। इसके बाद दो लेयर में जिला पुलिस की टीम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा करेगी।
पत्रकार वार्ता में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, महापौर पद के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) मुकेश कुमार बाउरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह मौजूद थे।




