धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग ने फिर पकड़ा जोर

Advertisements

धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण की मांग ने फिर पकड़ा जोर

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद में लंबे समय से चली आ रही एयरपोर्ट की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती नजर आ रही है। श्री पार्श्वनाथ धनबाद एयरपोर्ट मिशन के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर जिले के समग्र विकास के लिए एयरपोर्ट को जरूरी बताया है।

धनबाद, जो आइआइटी-आइएसएम, सीआइएमएफआर, डीजीएमएस और हर्ल Sindri जैसे बड़े संस्थानों का केंद्र है, वो आज भी एयर कनेक्टिविटी से वंचित है। हालांकि जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार इस मुद्दे को उठाया गया, लेकिन जमीन की उपलब्धता अब तक सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है।

श्री पार्श्वनाथ धनबाद एयरपोर्ट मिशन इस दिशा में लगातार प्रयासरत है। मिशन के कोऑर्डिनेटर प्रवीन गोधा ने बताया कि पक्ष और विपक्ष दोनों ही इस मुद्दे पर एकमत हैं कि धनबाद में एयरपोर्ट बनना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से स्थानीय स्तर पर तेजी से पहल करने की मांग की है।

एयरपोर्ट मिशन द्वारा डोर-टू-डोर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है, जो धनबाद के साथ-साथ गिरिडीह में भी जारी है। इस अभियान के तहत 8 से 10 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्य पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस मामले में उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिले की आबादी को देखते हुए एयरपोर्ट की जरूरत महसूस की जा रही है। तोपचांची और बलियापुर क्षेत्रों में जमीन का सर्वे कराया जा रहा है, हालांकि अब तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट गाइडलाइन नहीं मिली है।

प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया है कि एयरपोर्ट का निर्माण तोपचांची-पारसनाथ क्षेत्र में किया जाए, जिससे पर्यटन और इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। इससे पारसनाथ हिल आने वाले लाखों जैन श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top