धनबाद की खबरें:-

Advertisements

धनबाद की खबरें:-

एनएचएम के तहत 18 पदों पर 141 लोगों की होगी नियुक्ति

डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 18 संविदा पदों पर 141 लोगों की होने वाली नियुक्ति प्रक्रिया अप्रैल महीने में पूरी करने का निर्देश दिया है। नियुक्ति के लिए 956 लोगों ने आवेदन दिए हैं। इसको को लेकर उन्होंने उप विकास आयुक्त  सन्नी राज, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी  स्नेह कश्यप, डीएलएओ राम नारायण खालको, डीपीएम  प्रतिमा कुमारी के साथ बैठक की।

बैठक में उन्होंने अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा के आधार पर करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस भर्ती का उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना है, ताकि आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

साथ में उपायुक्त ने अभ्यार्थियों से अपील की, कि किसी भी प्रकार की जालसाजी या फर्जीवाड़ा जैसे (पैसे की लेनदेन) आदि के झांसे में नहीं आए। अभ्यर्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। नियुक्ति के लिए पैसे का लेनदेन आदि किसी भी प्रकार कि सूचना प्राप्त होने पर या किसी जालसाज का फोन आने पर उसका स्क्रीनशॉट और नंबर सहित 112 अथवा 0326-2311807 पर सूचित करें। साथ ही जालसाजों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
——————————————

सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के संचालन के लिए बैठक संपन्न

धनबाद: उपायुक्त आदित्य रंजन ने शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के संचालन के लिए गुरुवार को अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक की।

बैठक में एसएनएमएमसीएच के सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में न्यूरो, कार्डियक सहित सुपर स्पेशलिस्ट चकित्सकों की नियुक्ति, बिल्डिंग हैंडओवर, लिफ्ट का संचालन, पानी, उपकरणों का अधिष्ठापन, आईसीयू, ओटी सहित अन्य विषयों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से सभी आवश्यकताओं की सूची उपलब्ध कराने तथा अगले महीने के अंत तक सुपर स्पेशियलिटी सेंटर शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त  सन्नी राज, एसएनएमएमसीएच के सुपरिटेंडेंट डॉ डी.के. गिंडोरिया, प्राचार्य डॉ आर.के. महतो, सुपर स्पेशियलिटी सेंटर के नोडल डॉ रवि भूषण उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top