



धनबाद की खबरें:-
दिव्यांग जनों के लिए 10 अप्रैल से प्रखंडों में लगेगा विशेष आधार शिविर
दिव्यांग प्रमाण पत्र भी माना जाएगा वैध डोक्युमेंट

डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले के वैसे दिव्यांग व्यक्ति, जिनका आधार कार्ड नहीं है, जिसके कारण उन्हें केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलता है, के लिए प्रखंडों में विशेष आधार शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इसकी जानकारी देते हुए जिला परियोजना पदाधिकारी यूआईडी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इसमें कुछ दिव्यांग ऐसे भी हैं जो आधार केंद्र तक जाने में सक्षम नहीं है। इसलिए उपायुक्त के निर्देश पर उनके लिए प्रखंडों में स्थित आधार केंद्र में विशेष आधार शिविर का आयोजन कर दिव्यांग जनों का आधार कार्ड बनाया जाएगा। आधार कार्ड बनाने के लिए दिव्यांग जनों का दिव्यांग प्रमाण पत्र भी वैध माना जाएगा।

निरसा प्रखंड में 10 अप्रैल, बलियापुर में 11 अप्रैल, धनबाद प्रखंड में 13 अप्रैल, तोपचांची प्रखंड में 15 अप्रैल, टुंडी में 16 अप्रैल, पूर्वी टुंडी में 17 अप्रैल, गोविंदपुर में 18 अप्रैल, कलियासोल में 20 अप्रैल, एग्यारकुंड में 21 अप्रैल तथा बाघमारा प्रखंड में 22 अप्रैल को दिव्यांग जनों के लिए विशेष आधार शिविर का आयोजन प्रखंड के आधार केंद्रों पर किया जाएगा।
——————————————–

18 पदों पर 141 लोगों की होगी नियुक्ति
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद जिला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत 18 संविदा पदों पर कुल 141 लोगों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। इस भर्ती का उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाना है, ताकि आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
उपायुक्त ने अभ्यार्थियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के जालसाजी या फर्जीवाड़ा जैसे (पैसे की लेनदेन) आदि के झांसे में नहीं आए। अभ्यर्थियों का चयन पूरे पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाएगी। नौकरी में पैसे की लेनदेन आदि किसी भी प्रकार कि सूचना प्राप्त होने पर या किसी भी प्रकार के जालसाजी वाले फोन कॉल आने पर स्क्रीनशॉट लेकर नंबर सहित 112 अथवा 0326-2311807 पर सूचित करें। किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


