



धनबाद की खबरें:-

निर्वाचन व्यय के अनुश्रवण के लिए अपीलीय प्राधिकारी की प्रतिनियुक्ति
डीजे न्यूज, धनबाद: जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त आदित्य रंजन ने नगरपालिका निर्वाचन के निर्वाचन व्यय अनुश्रवण के लिए जिला स्तरीय अपीलीय प्राधिकारी के रूप में हेमा प्रसाद, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि व्यवस्था) तथा ध्रुव नारायण राय, राज्य कर आयुक्त, की प्रतिनियुक्त की है।
अपीलीय प्राधिकारियों द्वारा चुनाव अवधि में स्टैटिक निगरानी दल, उड़नदस्ता दल एवं अन्य निर्वाचन व्यय अनुश्रवण दल द्वारा किए जाने वाले नकदी राशि एवं बहुमूल्य सामग्रियों की जब्ती संबंधित मामले का त्वरित निष्पादन करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही अपीलीय प्राधिकारी जब्त राशि/बहुमूल्य सामग्रियों की विमुक्ति से पूर्व आयकर विभाग से नियमानुसार जाँच कर संतुष्ट होने के उपरान्त ही अग्रेतर कार्रवाई करेंगे।
—————————————–
निर्वाची पदाधिकारियों को दिया मतपेटिका का हैंड्स ऑन प्रशिक्षण
धनबाद: जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार आगामी नगर निकाय निर्वाचन के आलोक में धनबाद नगर निगम तथा चिरकुंडा नगर परिषद के सभी निर्वाची पदाधिकारियों तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को मतपेटिका का न्यू टाउन हॉल में बुधवार को हैंड्स ऑन प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान मास्टर ट्रेनर ने उन्हें मतपेटिका के विभिन्न हिस्से, उसे खोलने और बंद करने के तरीके तथा उसे सील करने के तरीके के बारे में जानकारी दी। तत्पश्चात सभी निर्वाची पदाधिकारियों ने मतपेटिका को स्वयं ऑपरेट किया।
इसके बाद निर्वाची पदाधिकारियों का प्रशिक्षण के लिए उपस्थित सेक्टर पदाधिकारियों से परिचय कराया गया। वहीं प्रशिक्षण में सेक्टर पदाधिकारी को भी उनके कार्य एवं दायित्व के बारे में बताया गया। कार्यपालक दंडाधिकारी श्री नारायण राम ने आदर्श आचार संहिता के संबंध में जानकारी दी। डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार ने सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को उनके कार्यों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी।
मौके पर मुख्य प्रशिक्षक दिलीप कुमार कर्ण, संजय कुमार, राजकुमार वर्मा, कुमार वंदन, मदन नायक, बृजभूषण पाण्डेय, अंकित वासन आदि ने हैंड्स ऑन प्रशिक्षण को बेहतर तरीके से समझाया।
————————————-
दो दिन में 3.19 लाख से अधिक लोगों ने किया फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन
धनबाद: फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के दूसरे दिन गोविंदपुर, टुंडी, बाघमारा, तोपचांची, धनबाद, झरिया, बलियापुर व निरसा में दवा प्रशासकों द्वारा घर-घर जाकर एक लाख 70 हजार 556 लोगों को अपने सामने डीईसी एवं एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई। वहीं अभियान के प्रथम दिन एक लाख 48 हजार 948 लोगों को दवा का सेवन कराया गया।
बुधवार को गोविंदपुर में 12018, टुंडी में 10885, बाघमारा में 26918, तोपचांची में 6463, धनबाद में 51912, झरिया में 16686, बलियापुर में 8102 तथा निरसा में 37572 लोगों को दवा खिलाई गई।




