



धनबाद की जनता का भरोसा ही सबसे बड़ी शक्ति है: विधायक राज

डीजे न्यूज, धनबाद: मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढीकरण योजना अंतर्गत बालूडीह चौक से मंथन सिंह के घर भाया बरडूभी तक होने वाले महत्वपूर्ण पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास बुधवार को विधायक राज सिन्हा ने किया। यह सड़क बरडूभी क्षेत्र के लिए विकास की नई राह खोलने वाला एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
विधायक ने कहा कि धनबाद की जनता का भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है, और इसी विश्वास के दम पर क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत हर क्षेत्र में तेज़ गति से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार व संगठन की नीतियों के अनुरूप “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को धरातल पर उतारना ही उनका संकल्प है।
उन्होंने कहा कि धनबाद के विकास में कोई बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता के मुद्दे सर्वोपरि हैं और हर आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा होगा।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि आने वाले वर्षों तक यह मार्ग जनता को बेहतर सुविधा प्रदान कर सके। स्थानीय ग्रामीणों ने लंबे समय से प्रतीक्षित इस सड़क के निर्माण को लेकर उत्साह और आभार व्यक्त किया तथा विधायक के जनसेवा भाव की सराहना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएँ और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
