



धान अधिप्राप्ति करने की कार्रवाई में लाएं तेजी, लक्ष्य को करें पूरा: डीसी
लक्ष्य निर्धारित कर नए किसानों के निबंधन हेतु दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को धान अधिप्राप्ति से संबंधित बैठक समाहरणालय स्थित सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-2026 में राज्य सरकार द्वारा धान की अधिप्राप्ति के लक्ष्य के अनुरूप अधिप्राप्ति की समीक्षा, नए किसानों के निबंधन, सीएमआर की समीक्षा , धान अधिप्राप्ति के भुगतान, गोदामों की स्थिति, धान का भंडारण सुरक्षित रखने समेत अन्य बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को धान अधिप्राप्ति करने की कार्रवाई में तेजी लाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही सभी किसान मित्रों को 10-10 योग्य किसानों का निबंधन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। वहीं टुंडी स्थित गोदाम को सुचारू रूप से संचालन हेतु पहुंच पथ निर्माण के निर्देश संबंधित कार्यकारी एजेंसी के पदाधिकारी को दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि जल्द से जल्द लक्ष्य के अनुरूप धान अधिप्राप्ति करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करे कि धान अधिप्राप्ति केंद्र/ भंडार गृह के क्षमता का 90% से अधिक उपयोग हो जाने पर उक्त अधिप्राप्ति केंद्र/भंडार गृह का जिला आपूर्ति पदाधिकारी भौतिक निरीक्षण करते हुए इस बात से आश्वस्त हुआ जाए कि धान का भंडारण सुरक्षित तरीके से किया गया है।
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी वेद प्रकाश, जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहें।



