




देवघर उपायुक्त ने राष्ट्रीय व राज्य स्तर के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया
डीजे न्यूज, देवघर : रविवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने अपने कार्यालय कक्ष में जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों से मुलाकात की। इन खिलाड़ियों ने हाल के दिनों में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

इस अवसर पर उपायुक्त ने राष्ट्रीय ट्राइबल खेलो इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता में चयनित विकास कोल, झारखंड स्टेट पुलिस गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता चंदन और प्रभात, तथा किट्स यूनिवर्सिटी, ओड़िशा में आयोजित राष्ट्रीय यूथ वॉलीबॉल चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली इशिका चौहान (कप्तान) और दिव्या कुमारी को सम्मानित किया। साथ ही कबड्डी कोच आलोक कुमार से भी मुलाकात कर उनके योगदान की सराहना की।

मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने खिलाड़ियों से उनके अनुभव साझा किए और खेल के प्रति उनके समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी विकसित करता है।

उपायुक्त श्री लकड़ा ने कहा कि जिला प्रशासन खेलों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इन खिलाड़ियों की सफलता से अन्य युवा भी प्रेरित होंगे और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे।
इस दौरान संबंधित अधिकारी, डीएसए के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।



