



देवघर में संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं होली : उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा
डीजे न्यूज, देवघर : देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने होली पर्व के अवसर पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने कहा कि रंगों का यह पावन पर्व समाज में सद्भाव, आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करता है। होली सामाजिक सौहार्द्र का प्रतीक है, जो हमें एकता, सद्भावना और समरसता का संदेश देता है।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे होली का पर्व तनावमुक्त एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने कहा कि इस शुभ अवसर पर सभी के जीवन में खुशी, उत्साह, शांति और समृद्धि का संचार हो। साथ ही उन्होंने ऑर्गेनिक रंगों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा किसी के साथ जबरदस्ती रंग न लगाने की अपील की।
उन्होंने अश्लील गायन, अभद्र व्यवहार एवं मादक द्रव्यों के सेवन से दूर रहने का अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त तेज गति से वाहन चलाने, लापरवाही, ट्रिपलिंग तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने से बचने की सलाह दी।
विधि-व्यवस्था के मद्देनज़र उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, गश्ती दलों को सक्रिय रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखने को कहा। साथ ही प्रतिनियुक्ति स्थलों पर समय पर उपस्थित रहकर पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या विधि-व्यवस्था भंग करने के प्रयास को गंभीरता से लिया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।




