देवघर में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासन सक्रिय, उपायुक्त ने सभी कोषांगों को दिए कड़े निर्देश डीजे न्यूज, देवघर :

Advertisements

देवघर में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासन सक्रिय, उपायुक्त ने सभी कोषांगों को दिए कड़े निर्देश

डीजे न्यूज, देवघर : नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से जुड़े विभिन्न कोषांगों द्वारा किए जा रहे कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य पारदर्शी तरीके से, समयबद्ध ढंग से एवं त्रुटिरहित पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी व कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सफल चुनाव प्रबंधन के लिए आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कार्मिक कोषांग को पोलिंग पार्टियों की सूची तैयार कर समय पर तामिला कराने, वहीं प्रशिक्षण कोषांग को विधिवत प्रशिक्षण कार्यक्रम का शेड्यूल तय करने का निर्देश दिया। साथ ही मटेरियल/सामग्री कोषांग को मतपेटिकाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा परिवहन/वाहन कोषांग को मतदान कार्य हेतु आवश्यक वाहनों का अधिग्रहण समय पर पूर्ण करने को कहा गया।

उपायुक्त ने लॉजिस्टिक, मीडिया, लेखा, एमसीसी (आदर्श आचार संहिता) कोषांग सहित अन्य सहायक कोषांगों की भी एक-एक कर समीक्षा करते हुए अब तक की गई तैयारियों की स्थिति जानी और आवश्यक सुधारात्मक व कार्यान्वयन संबंधी दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलश कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी रणबीर सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला उद्यान पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित कोषांगों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top