



देवघर में गुरुवार को लगेगा हेल्थ रजिस्ट्री कैंप
फार्मेसी रजिस्ट्रेशन पर फोकस
डीजे न्यूज, देवघर :
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल रूप देने की दिशा में पहल तेज कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे से टावर चौक स्थित पुराने सदर अस्पताल परिसर में विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा।

इस अभियान के तहत आम नागरिकों के लिए आभा नंबर बनाया जा रहा है, वहीं डॉक्टरों, नर्सों और लैब टेक्नीशियनों का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (HPR) तथा अस्पताल, लैब और फार्मेसी का हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (HFR) किया जा रहा है।
सिविल सर्जन सह नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी दवा दुकानदारों को इस कैंप में शामिल होकर अपने प्रतिष्ठानों का HFR रजिस्ट्रेशन करवाना जरूरी है। इसके लिए ड्रग एसोसिएशन के माध्यम से पूर्व में सूचना भी दी जा चुकी है।
रजिस्ट्रेशन के लिए आवश्यक दस्तावेज:

दवा दुकान का फोटो (जियो टैगिंग लोकेशन के साथ)
दुकान के नाम (बोर्ड) का फोटो
आधार से लिंक मोबाइल नंबर
एड्रेस प्रूफ
ड्रग लाइसेंस
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित लोगों से अपील की है कि वे समय पर कैंप में पहुंचकर इस डिजिटल पहल का लाभ उठाएं।


