देवघर–मधुपुर नगर निकाय चुनाव की तस्वीर साफ, महापौर पद पर 18 व अध्यक्ष पद पर 7 प्रत्याशी मैदान में

Advertisements

देवघर–मधुपुर नगर निकाय चुनाव की तस्वीर साफ, महापौर पद पर 18 व अध्यक्ष पद पर 7 प्रत्याशी मैदान में

डीजे न्यूज, देवघर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में 06 फरवरी को समाहरणालय सभागार में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता के दौरान उपायुक्त ने राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा जारी नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 की प्रक्रिया एवं कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि देवघर नगर निगम (वर्ग-ख) अंतर्गत कुल 36 वार्ड, 158 मतदान केंद्र एवं 14 सहायक मतदान केंद्र हैं, इस प्रकार कुल 172 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं मधुपुर नगर परिषद (वर्ग-ख) में कुल 23 वार्ड एवं 46 मतदान केंद्र हैं।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रतीक का आवंटन 07 फरवरी को किया जाएगा, मतदान 23 फरवरी को संपन्न होगा तथा मतगणना 27 फरवरी को की जाएगी।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि देवघर नगर निगम के महापौर पद हेतु कुल 20 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें 01 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित किया गया एवं 01 अभ्यर्थी ने नाम वापस लिया। नाम वापसी के उपरांत कुल 18 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।

वहीं मधुपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद हेतु कुल 08 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें 01 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित किया गया। नाम वापसी के बाद कुल 07 अभ्यर्थी शेष हैं।

देवघर नगर निगम महापौर पद के लिए चुनाव लड़ने वाले 18 अभ्यर्थियों में अशोक कुमार मिश्र, उदय कुमार चक्रवर्ती, उमाशंकर सिंह, कुंदन कुमार शर्मा, गौरव कुमार सिंह, धीरेन्द्र कुमार पांडेय, नागेन्द्र नाथ बलियासे, निर्मल प्रकाश दीपक, निलेश कुमार गुप्ता, मंजू देवी, रवि कुमार केशरी, रवि कुमार राउत, राजेन्द्र कुमार यादव, रीता चौरसिया, सुनील कुमार गुप्ता, सुबोध कुमार राजहंश, सूरज कुमार झा एवं सोनम कुमारी शामिल हैं।

मधुपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए दरक्शान परवीन, तब्बसुम नाज, मित्ती कुमारी, शबाना परवीन, सनूबर यासमीन, अनु कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी चुनाव मैदान में हैं।

इसके अलावा देवघर नगर निगम के वार्ड संख्या 01 से 36 तथा मधुपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या 01 से 23 तक कुल 354 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।

प्रेसवार्ता में उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top