देवघर खादी मेला संपन्न: हस्तशिल्पकारों को उपायुक्त ने किया सम्मानित

Advertisements

देवघर खादी मेला संपन्न: हस्तशिल्पकारों को उपायुक्त ने किया सम्मानित

डीजे न्यूज, देवघर : देवघर में आयोजित राज्य स्तरीय खादी प्रदर्शनी सह बिक्री कार्यक्रम का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर विभिन्न राज्यों से आए हस्तशिल्पकारों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर मेले के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया। उपायुक्त ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उपायुक्त ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर खादी वस्त्रों एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की गुणवत्ता और कलात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये उत्पाद ग्रामीण उद्योगों की समृद्ध परंपरा और कारीगरों के कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खादी मेला हस्तशिल्पकारों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जो उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए खादी एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।

उपायुक्त ने विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा निर्मित उत्पाद न केवल गुणवत्तापूर्ण हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम भी हैं।

उन्होंने आम लोगों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिलेगा और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में राज्य निर्देशक श्री मांगे राम, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top