देवघर के साहेब पोखर गोदाम में ट्रक से मार्बल उतारने के दौरान मजदूर की मौत

Advertisements

देवघर के साहेब पोखर गोदाम में ट्रक से मार्बल उतारने के दौरान मजदूर की मौत
डीजे न्यूज, देवघर : नगर थाना क्षेत्र के साहेब पोखर स्थित एक गोदाम में गुरुवार देर शाम दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। ट्रक से मार्बल पत्थर उतारने के दौरान भारी मार्बल उसके शरीर पर गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कुंडा थाना क्षेत्र के कासीडीह गांव निवासी आशीष कुमार के रूप में हुई है। वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पीछे एक आठ माह का मासूम बच्चा भी छोड़ गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की शाम एक ट्रक मार्बल पत्थर लेकर साहेब पोखर स्थित एक गोदाम पहुंचा था। मजदूर आशीष अन्य सहयोगियों के साथ ट्रक से पत्थर उतार रहा था। इसी दौरान अचानक एक भारी पत्थर उसके ऊपर गिर गया। वह बुरी तरह घायल हो गया और पत्थर के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों की मदद से और पुलिस की तत्परता से आशीष को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी और परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।
शुक्रवार को नगर पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top