



देशव्यापी हड़ताल की सफलता को राकोमयू ने कसी कमर

डीजे न्यूज, धनबाद: राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के महामंत्री एके झा एवं कार्यकारी अध्यक्ष बृजेंद्र प्रसाद सिंह ने संयुक्त प्रेस व्यक्तव्य में कहा है कि भाजपा सरकार की मजदूर विरोधी और पूंजीवादी समर्थन नीतियों के खिलाफ देश के तमाम यूनियन फेडरेशन ने संयुक्त मोर्चा के तहत 12 फरवरी को देशव्यापी औद्योगिक हड़ताल का आज्ञा किया है। इस हड़ताल को देश के संयुक्त किसान मोर्चा, खेती हर मजदूर यूनियन के साथ-साथ इंडिया गठबंधन के सभी राजनीतिक दलों ने अपना पूर्ण समर्थन दिया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने ट्रेड यूनियन की आवाज को दबाने का काम किया है। उनके साथ संवाद ना करके बिना चर्चा के चार लेबर कोड को जबरन लागू करने का एक तरफा फैसला लिया है जो दुखद एवं आश्चर्यजनक है। सरकार ने मजदूरों के सामने जीवन मरण का प्रश्न खड़ा कर दिया है। मौलिक अधिकार का हनन किया है। संवैधानिक, लोकतांत्रिक अधिकार को छिनने का काम किया है। हड़ताल के अधिकार छिने जा रहे हैं। लेबर कोर्ट, आरएलसी, सीएलसी के अधिकार सीमा को प्रतिबंधित किया जा रहा है। मजदूरों को बंधुआ मजदूर बनाने की राजनीतिक साजिश हो रही है। पीएफ, पेंशन ,सामाजिक सुरक्षा, ग्रेच्युटी के लाभ से वंचित किया जा रहा है। ट्रेड यूनियन बनाने की प्रक्रिया जटिल किया जा रहा है। इतना ही नहीं महिलाओं के मेटरनिटी बेनिफिट को छीना जा रहा है। रोजगार के सारे दरवाजे बंद कर दिए जा रहे हैं। वेज बोर्ड प्रतिबंधित किया जा रहा है। कलेक्टिव बारगेनिंग कैपेसिटी की हत्या की जा रही है। वेतन बढ़ोतरी को पूर्णत प्रतिबंधित किया जा रहा है ।फिक्स्ड टर्म इमपलाइंमेंट के तहत साठ वर्ष की नौकरी को 3 -4 वर्ष की अस्थाई नौकरी की निति भाजपा सरकार कर रही है। लंबे संघर्ष के बाद दुनिया के मजदूरों ने 8 घंटे की ड्यूटी का अधिकार पाया था उसे जबरन अमानवीय ढंग से 12 घंटे किया जा रहा है ।ओटी ,संडे सिस्टम को पूरी तरह समाप्त की जा रही है। मनरेगा कानून को समाप्त कर के 12 करोड़ असंगठित मजदूरों को दाने-दाने के लिए भटकने पर विवश किया जा रहा है। कोयला मजदूर के मेडिकल अनफिट कोयला कामगार के बच्चे की नौकरी छिनी गई। अब मजदूरों को प्राप्त सभी तरह के सुविधा को बंद करके बेसिक और महंगाई भत्ता भुगतान की प्रथा चालू की जा रही है । देश के निर्माण में लगे मजदूर ,किसान को अधिकार न्याय और आजादी दिलाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, डॉ भीमराव अंबेडकर ने कभी इस बात की कल्पना भी नहीं की होगी की आजादी के 78- 79 वर्ष बाद देश में कोई ऐसी सरकार आएगी जो मजदूरों के लाभकारी कानून को समाप्त करके संसद से चार लेबर कोड पास कराकर देश के करोड़ों मजदूर को पूंजीपत्तियों के स्वार्थ के लिए बलि चढ़ाने का काम करेगा। देश के सार्वजनिक प्रतिष्ठानों को बेचने और निजीकरण करने का काम करेगा।
इस हड़ताल को सफल बनाने के लिए फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विधायक कुमार जय मंगल (अनूप सिंह) की अपील पर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ संयुक्त मोर्चा के साथ एक दिवसीय हड़ताल को सफल बनाकर संयुक्त मोर्चा की चट्टानी एकता का परिचय देंगे । देश हित और मजदूर हित में हड़ताल के अलावे भाजपा सरकार ने मजदूर और मजदूर संगठनों के समक्ष हड़ताल करने के अलावा कोई रास्ता नहीं छोड़ा है। हम मजदूर की आवाज को उठाने का काम करेंगे और उनके मनोबल को टूटने नहीं देंगे।




