
डीसीए की मिशन-28 योजना शुरू, अंडर 14 के खिलाड़ी शार्टलिस्ट
डीजे न्यूज धनबाद : धनबाद क्रिकेट संघ की महत्वाकांक्षी योजना मिशन-28 की मंगलवार को सीसीडबलूओ मैदान में शुरुआत हो गई। इस योजना के तहत अंडर-14 वर्ग के 77 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। इसके पहले क्रिकेटरों को संबोधित करते हुए धनबाद के एडीएम ला एंड आर्डर पीयूष सिन्हा ने कहा कि आप जो भी करें दिल लगा कर करें। पढ़ रहे हों तो पूरी तन्मयता से इसे पूरा करें। खेल रहे हों तो पूरे मनोयोग से इसे लें। कहा कि धनबाद क्रिकेट संघ आपके लिए जो भी कर रही है उसका पूरा लाभ लें। स्वयं को इस तरह तैयार करें कि किसी भी लेवल पर आप अलग दिखें। खिलाड़ियों के लिए उनका डाइट महत्वपूर्ण है। डाइट पर ध्यान दें।
इस अवसर पर डीसीए के अध्यक्ष मनोज कुमार ने भी बच्चों का मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम में जेएससीए के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य बिनय कुमार सिंह, वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास, डीसीए के उपाध्यक्ष जावेद खान, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, दिवेन तिवारी, संजीव राणा, महादेव सिंह, महेश गोराई व अन्य उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भविष्य के लिए क्रिकेटरों को तैयार करना है।
बाद में चयनकर्ताओं में मनीष वर्धन, बाल शंकर झा, उत्तम विश्वास, अभिषेक मोइत्रा, पप्पू सिंह, इब्ने हसन खान और मिथलेश कुमार ने बच्चों का ट्रायल लिया। इसमें से खिलाड़ियों को शार्टलिस्ट कर खिलाड़ियों को बुधवार को रिपोर्ट करने को कहा गया है।