डीजल ऑटो चालक महासंघ ने संजीव सिंह को दिया समर्थन

Advertisements

डीजल ऑटो चालक महासंघ ने संजीव सिंह को दिया समर्थन

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड प्रदेश डीजल ऑटो चालक महासंघ का प्रतिनिधिमंडल मेयर  प्रत्याशी संजीव सिंह से उनके सिंह मेंसन स्थित आवास में मिला। महासंघ ने निगम चुनाव में संजीव को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए उन्हें समर्थन पत्र सौंपा। इस दौरान महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए संजीव सिंह के पक्ष में मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान महासंघ के सदस्यों ने पूर्व महापौर पर जमकर भड़ास निकाली। संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पूर्व महापौर ने अपने कार्यकाल में डीजल ऑटो चालकों की समस्याओं की अनदेखी की और सिर्फ झूठे वादों के सहारे उन्हें छलने का काम किया। उनका कहना था कि न तो स्थायी ऑटो स्टैंड की व्यवस्था की गई, न ही उत्पीड़न और अन्य प्रशासनिक समस्याओं का समाधान किया गया।

महासंघ के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि इस बार वे ऐसे वादों के झांसे में नहीं आने वाले हैं और झूठे आश्वासनों का मुंहतोड़ जवाब मतदान के माध्यम से दिया जाएगा।

समर्थन पत्र प्राप्त करने के बाद संजीव सिंह ने महासंघ के सभी सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि ऑटो चालक शहर की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया तो ऑटो चालकों के हितों की रक्षा, व्यवस्थित स्टैंड, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।

इस मौके पर संघ के अध्यक्ष छोटन सिंह, उपाध्यक्ष जाहिद गद्दी एवं मोहम्मद अख्तर अंसारी, महासचिव राजेश मोदक, कोषाध्यक्ष राहुल साव, सचिव सुनील यादव, पिंटू यादव, भागो राय, संगठन सचिव बीरू साव, राकेश साव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top