



डा. राजीव एक बार फिर सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका के प्राक्टर नियुक्त

डीजे न्यूज, जामताड़ा : सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका ने डा. राजीव कुमार को पुनः विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर (कुलानुशासक) के पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति दो वर्ष की अवधि अथवा उनकी सेवानिवृत्ति तक के लिए की गई है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. राजीव कुमार को पूर्व में दिसंबर 2023 में राज्यपाल सचिवालय के निर्देश पर दो वर्षों के लिए प्रॉक्टर नियुक्त किया गया था, जिसका कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो रहा था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके प्रभावी कार्य निष्पादन को देखते हुए उन्हें एक बार फिर इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए चुना है।
डॉ. राजीव कुमार विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर अंग्रेजी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। वे विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार, वित्त पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे कुशलतापूर्वक ओएसडी (वीसी) के रूप में भी कार्यरत हैं। पिछले लगभग दो वर्षों से वे प्रभावी और अनुशासित ढंग से प्रॉक्टर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। वे विवि अधिनियम परिनियम सहित विवि के विरुद्ध विभिन्न न्यायालयों में चल रहे वाद के भी जानकार व्यक्ति माने जाते है। साथ ही लंबा प्रसाशनिक अनुभव को देखते हुए यह नियुक्ति की गई है। वे विश्वविद्यालय अधिनियम–परिनियम तथा विश्वविद्यालय से संबंधित विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन वादों के जानकार माने जाते हैं। साथ ही उनके दीर्घ एवं समृद्ध प्रशासनिक अनुभव को ध्यान में रखते हुए यह नियुक्ति की गई है। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय परिनियम के तहत प्रॉक्टर की नियुक्ति का अधिकार कुलपति को प्राप्त है। इसी अधिकार का प्रयोग करते हुए कुलपति प्रो. कुनुल कंदीर ने डॉ. राजीव कुमार को पुनः प्रॉक्टर नियुक्त किया है। इस संबंध में पुनर्नियुक्ति की अधिसूचना विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजीव रंजन शर्मा द्वारा शनिवार को जारी कर दी गई है।
