डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने निकाली बाइक रैली, समर्थन में उमड़ा जनसैलाब

Advertisements

डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने निकाली बाइक रैली, समर्थन में उमड़ा जनसैलाब
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम के महापौर प्रत्याशी डॉ. शैलेंद्र कुमार चौधरी के समर्थन में आज पचंबा गोशाला मैदान से अजीडीह तक हजारों कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं समर्थकों ने एक भव्य और ऐतिहासिक बाइक रैली निकाली। इस विशाल रैली ने पूरे शहर का ध्यान आकर्षित किया और चुनावी माहौल को पूरी तरह से गर्म कर दिया।

रैली की शुरुआत पचंबा गोशाला मैदान से हुई, जहां विभिन्न वार्डों से आए कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। संगठित रूप से निकली यह बाइक रैली अजीडीह तक पहुंची। पूरे मार्ग में आम नागरिकों ने रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया और महापौर प्रत्याशी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जो बदलाव और मजबूत नेतृत्व की मांग को लेकर मुखर रहे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से गिरिडीह नगर निगम भंग रहने के कारण सरकार द्वारा प्रत्यक्ष रूप से निगम का संचालन किया जा रहा था। इस दौरान जलापूर्ति, सफाई, नाली, सड़क सहित कई मूलभूत समस्याओं का समुचित समाधान नहीं हो सका।

जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति में जनता की आवाज को अपेक्षित महत्व नहीं मिल पाया। अब जनता अपने मताधिकार के माध्यम से एक सक्षम, ईमानदार और जवाबदेह नेतृत्व को चुनने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उपस्थित हजारों समर्थकों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि डॉ. शैलेंद्र कुमार चौधरी को भारी मतों से विजयी बनाकर नगर निगम में जनप्रतिनिधियों की सशक्त वापसी सुनिश्चित करेंगे।

कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास को नई दिशा मिलेगी तथा शहर की बुनियादी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होगा। यह ऐतिहासिक बाइक रैली इस बात का स्पष्ट संकेत है कि गिरिडीह की जनता अब विकास, पारदर्शिता और जनहित के एजेंडे के साथ एक मजबूत नेतृत्व के पक्ष में एकजुट हो चुकी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top