
चोर मचाए शोर की तर्ज पर कांग्रेस आज दे रही संविधान की दुहाई : बाबूलाल
गिरिडीह में आपातकाल की 50वीं बरसी : भाजपा ने किया विशेष सेमिनार का आयोजन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आपातकाल की 50वीं बरसी के अवसर पर गिरिडीह के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में भाजपा जिला कमेटी की ओर से एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुबे ने की, वहीं मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मौजूद रहे।
आपातकाल को लोकतंत्र का काला दिन बताया गया
बाबूलाल मरांडी ने आपातकाल को लोकतंत्र के लिए काला दिन बताते हुए कांग्रेस सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “25 जून 1975 को कांग्रेस सरकार ने लोकतंत्र की हत्या कर आपातकाल थोप दिया था। आज वही कांग्रेस संविधान की रक्षा की बात करती है। एक कहावत है– ‘चोर मचाए शोर’, और कांग्रेस आज इसी अंदाज में संविधान की दुहाई देती है।”
लोकतंत्र रक्षकों का किया गया सम्मान
मंच साझा कर रहीं जमुआ विधायक डॉ. मंजू कुमारी ने आपातकाल को लोकतंत्र के लिए सबसे काला दिन करार देते हुए कहा कि आपातकाल के दौर में जेल में बंद होकर लोकतंत्र की रक्षा करने वाले लोकतंत्र सेनानी आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों को समझने और सहेजने की अपील की।
सेमिनार में जनसंघ काल के उन कार्यकर्ताओं को विशेष सम्मानित किया गया, जो आपातकाल के दौरान जेल में बंद रहे थे।
कार्यक्रम में मौजूद रहे प्रमुख नेता
समारोह में पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, जयप्रकाश वर्मा, सूकर रविदास, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, नुनु लाल मरांडी, विनय सिंह, संदीप दंगाईच, प्रकाश सेठ, चुन्नू कांत, हरविंदर सिंह बग्गा, एसएसवीएम के प्रधानाचार्य कमल आनंद, संजीत सिंह पप्पू, नवीन सिन्हा, रंजन सिन्हा, रंजीत राय, सुभाष सिन्हा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उषा देवी, शालिनी वैश्यकीयार, संगीता सेठ समेत भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।