
चक्रधरपुर के बंदगांव में सरहुल महोत्सव की तैयारी, करम सिंह मुंडरी बने अध्यक्ष
डीजे न्यूज, बंदगांव, चक्रधरपुर : सरहुल महोत्सव को भव्य रूप से मनाने के लिए बंदगांव बाजार हाट में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रेम मुंडरी ने की, जिसमें सभी गांवों के मुंडा, पाहन और ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 5 अप्रैल (शनिवार) को सामूहिक सरहुल पूजा एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा लुम्बई सरहुल स्थल से बंदगांव बाजार टांड़ होते हुए बिरसा उच्च विद्यालय तक जाएगी। पर्व को लेकर गांव-गांव में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा ताकि कार्यक्रम को सुंदर और भव्य बनाया जा सके।
महोत्सव की सफल आयोजन हेतु एक कमेटी का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से निम्न पदाधिकारियों का चयन किया गया:
अध्यक्ष: करम सिंह मुंडरी (बंदगांव मुखिया)
उपाध्यक्ष: सुगना मुंडरी, जादोराय मुंडरी
सचिव: लखन हेम्बोम
उप सचिव: सुखलाल मुंडरी
कोषाध्यक्ष: कालीदास पुर्ती
इसके अलावा, कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चेंडेया मुंडरी, हमेश मुंडरी, एतवा पाहन, मनसा मुंडरी को शामिल किया गया।
29 मार्च को होगी समीक्षा बैठक
अध्यक्ष करम सिंह मुंडरी ने कहा कि सरहुल महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए 29 मार्च (शनिवार) दोपहर 12 बजे बंदगांव हाट बाजार टांड़ में एक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे मैं पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा। हमारा प्रयास रहेगा कि बंदगांव सरहुल महोत्सव पूरे झारखंड में अपनी अलग पहचान बनाए।”
उन्होंने सभी युवाओं, मुंडा-पाहन एवं बुद्धिजीवियों से अगली बैठक में शामिल होकर महोत्सव को भव्य बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।
इस मौके पर जगरनाथ मुंडा, बुधवा मुंडा, नंदा मुंडरी, हरिचरण मुंडरी, जोटो सड़ी पुर्ती, रास बिहारी सिंह मुंडा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।