छठ पूजा में घर आए युवक का नदी किनारे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस 

Advertisements

छठ पूजा में घर आए युवक का नदी किनारे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस 

डीजे न्यूज, निमियाघाट (गिरिडीह) : निमियाघाट थाना क्षेत्र के गटीगढ़ा गांव के पास एनएचएआई बायपास पुल के नीचे बहने वाली बुढ़िया नदी के किनारे मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उसकी पत्नी सुमन देवी ने अपने पति मनोज कुमार सिंह के रूप में की है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मनोज कुमार मुंबई में मजदूरी करता था और छठ पर्व मनाने के लिए अपने घर टिंगरकला, निमियाघाट आया हुआ था। सुमन देवी ने बताया कि वह अपने पति के साथ मायके गटीगढ़ा छठ मनाने आई थी। सोमवार की सुबह मनोज अपने ससुराल से कहीं निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिवार चिंतित हो उठा। मंगलवार सुबह बुढ़िया नदी के किनारे शौच के लिए गए एक ग्रामीण ने शव देखकर गांव वालों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत निमियाघाट पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया।

बताया जाता है कि मृतक की पत्नी सुमन देवी ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके कारण मौत का असली कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top