छह महीने से पानी नहीं मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने बंद कराया कांटा घर, क्षेत्रीय कार्यालय गेट पर धरना

Advertisements

छह महीने से पानी नहीं मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने बंद कराया कांटा घर, क्षेत्रीय कार्यालय गेट पर धरना

डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : पूर्वी झरिया क्षेत्र के भौरा और महुलबनी इलाके में पिछले 6 महीने से नियमित जलापूर्ति नहीं होने से परेशान ग्रामीणों का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। पार्षद चंदन कुमार महतो और पार्षद नीरा देवी की अगुवाई में सैकड़ों ग्रामीणों ने विशाल जुलूस निकालकर कांटा घर को बंद करा दिया और क्षेत्रीय कार्यालय गेट पर प्रदर्शन किया।

पार्षद चंदन महतो ने कहा कि 1980 में बने वाटर फिल्टर प्लांट क्षेत्र की जनता के पानी की समस्या दूर करने के लिए बनाया गया था, लेकिन आज यह फिल्टर प्लांट राजनीति का अखाड़ा बन गया है। जिसके कारण भौरा और महुलबनी के 40 हजार लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। दर्जनों फोरमैन इंजीनियर रहने के बावजूद भी इसका समाधान नहीं निकाला जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध कंपनी का पानी लेकर फिल्टर प्लांट चल रहे हैं और कंपनी के लोगों को ही पानी बेचा जा रहा है। अवैध कनेक्शन रोज किए जा रहे हैं। अधिकारियों को तो पता भी नहीं है कि इस फिल्टर प्लांट में कितने मोटर और कितने पंप हैं। एक पंप खराब हो जाए तो उसे बनाने में 10 से 15 दिन लग जाते हैं। कई बार लिखित सूचना देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। गर्मी शुरू होते ही लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है।

चंदन महतो ने कहा कि पंप मरम्मत के नाम पर लूट की जा रही है। दर्जनों पंप और ट्रांसफार्मर ठेकेदारों के पास पड़े हुए हैं। पेमेंट नहीं देने के कारण ठेकेदार सामान नहीं दे रहा है। क्षेत्रीय अधिकारी कुछ अपने चहेते ठेकेदारों को ही पेमेंट कर देते हैं। अधिकारियों का कोई बंगला भौरा क्षेत्र में नहीं है, इसलिए उन्हें जनता की परेशानी से कोई लेना देना नहीं है।

प्रदर्शन में ट्रांसपोर्टिंग कांटा घर बंद होने से भौरा से लेकर महुलबनी तक ट्रकों की लंबी लाइन लग गई। प्रदर्शन में महिलाओं की संख्या अधिक देखी गई।

मौके पर सुबोध सिंह, चंदेश्वर सिंह, हरेंद्र यादव, जोगिंदर महतो, विश्व महतो, मौसम महंती, राजू सिंह, शिव प्रकाश सिंह, आतिश, सुनील पासवान, अमजद अंसारी, वीरेंद्र यादव, अशोक महतो, युधिष्ठिर महतो, भोला सिंह आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top